Breaking News

कुठला पुलिस की डबल सफलता: घंटों में बरामद हुआ 15 लाख का चोरी गया ट्रक, पम्प चोर भी गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कुठला पुलिस की डबल सफलता: घंटों में बरामद हुआ 15 लाख का चोरी गया ट्रक, पम्प चोर भी गिरफ्ता

तकनीक और त्वरित कार्रवाई से दो बड़े मामलों का खुलासा, चोरी का माल बरामद

कटनी। अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही कुठला पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। एक ओर जहां 15 लाख रुपये कीमत का चोरी गया ट्रक घटना के कुछ ही घंटों के भीतर बरामद कर लिया गया, वहीं दूसरी ओर समर्सिबल पम्प चोरी के मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों मामलों में तेजी से कार्रवाई करते हुए चोरी की वारदातों का पर्दाफाश किया।

जीपीएस की मदद से मैहर से मिला चोरी गया ट्रक

कैलवारा कला निवासी रामजी पटेल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका अशोक लीलैंड ट्रक क्रमांक MP-20-HB-4961 पटेल ढाबा के पास से अज्ञात चोर चोरी कर ले गए हैं। ट्रक की कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है।

मामला दर्ज होते ही पुलिस ने जांच शुरू की। ट्रक में लगे जीपीएस सिस्टम की सहायता से वाहन की लोकेशन सरलानगर-भदनपुर मार्ग पर ट्रेस हुई। पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर जिला मैहर से ट्रक बरामद कर लिया। वाहन की पहचान स्वामी एवं साक्षियों द्वारा की गई, जिसके बाद उसे सुरक्षित थाना परिसर में खड़ा कराया गया। मामले में शामिल अज्ञात आरोपियों की तलाश जारी है।

पम्प हाउस का ताला तोड़कर की थी चोरी

दूसरे मामले में चाका निवासी शुभम बर्मन ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनके पम्प हाउस का ताला तोड़कर 7.5 एचपी का सीआरआई कम्पनी का समर्सिबल पम्प, तीन चेम्बर, 16 रॉड और छह पाना चोरी कर ले गए थे।

विवेचना के दौरान तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने लमतरा फाटक निवासी आकाश यादव (24) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर चोरी गया समर्सिबल पम्प बरामद कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जिला जेल भेज दिया गया। वहीं उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है।

अपराधियों पर लगातार कसता शिकंजा

लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं के बीच कुठला पुलिस की यह दोहरी कार्रवाई न केवल पीड़ितों के लिए राहत लेकर आई है, बल्कि अपराधियों के लिए भी स्पष्ट संदेश है कि तकनीकी जांच और सतर्क पुलिसिंग के सामने बच निकलना आसान नहीं होगा।

और पढ़ें