
अर्टिगा में भरकर ले जा रहा था 20 पेटी शराब, बिलहरी पुलिस ने दबोचा,
करीब 8 लाख का मशरूका जब्त, शराब के नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस
कटनी, 20 अगस्त। अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बिलहरी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नवीन नामदेव की टीम ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर एक अर्टिगा कार से 20 पेटी देशी शराब बरामद की।
पुलिस ने ग्रे रंग की अर्टिगा कार क्रमांक MP 21 CA 6921 को रोककर तलाशी ली। वाहन की डिग्गी से 17 पेटी लाल मसाला और 3 पेटी सफेद प्लेन देशी शराब, कुल 20 पेटी शराब बरामद हुई। शराब की अनुमानित कीमत 98,500 रुपये बताई गई है।
मौके से पुलिस ने शराब परिवहन में प्रयुक्त अर्टिगा कार भी जब्त की, जिसकी कीमत करीब 7 लाख रुपये है। इस तरह कुल 7 लाख 98 हजार 500 रुपये का मशरूका जब्त किया गया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान यश काछी (25 वर्ष), निवासी भट्टा मोहल्ला, रंगनाथ, कटनी के रूप में हुई। शराब परिवहन के संबंध में वैध लाइसेंस नहीं मिलने पर उसके खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।
अब असली सवाल—शराब की खेप का स्रोत कौन?
20 पेटी शराब आखिर कहां से आई और किसे सप्लाई की जानी थी, पुलिस अब इसकी जांच में जुटी है। शराब के स्रोत और संभावित नेटवर्क को लेकर विवेचना जारी है।
कार्रवाई में चौकी प्रभारी नवीन नामदेव के साथ प्रधान आरक्षक भरत विश्वकर्मा, अखिलेश दीक्षित, आरक्षक उमाकांत तिवारी, लव उपाध्याय, सौरभ जैन एवं सैनिक धनेंद्र त्रिपाठी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








