Breaking News

कटनी में नए उपकप्तान की एंट्री

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कटनी में नए उपकप्तान की एंट्री 

2001 बैच के अनुभवी अधिकारी कमल मौर्य ने संभाला पदभार, अपराध नियंत्रण और बेहतर पुलिसिंग पर रहेगा फोकस

कटनी। जिले के पुलिस प्रशासन को नई मजबूती मिली है। नवागत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) कमल मौर्य ने कटनी पहुंचकर अपना पदभार ग्रहण कर लिया है। उनके आगमन से पुलिस महकमे में नई ऊर्जा और प्रशासनिक सक्रियता की उम्मीद जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, कमल मौर्य वर्ष 2001 बैच के पुलिस अधिकारी हैं और उन्हें पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा मुरैना जिले से कटनी में पदस्थ किया गया है। वे पूर्व में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं तथा प्रशासनिक अनुभव और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में उनकी विशेष पहचान रही है।

आपको बता दे की एएसपी डॉ. संतोष डेहरिया के तबादले के बाद पुलिस मुख्यालय ने कमल मौर्य को कटनी जिले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी सौंपी है। पदभार ग्रहण करने के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया और जिले की कानून-व्यवस्था से जुड़ी जानकारी साझा की।

नवागत एएसपी कमल मौर्य के सामने जिले में अपराध नियंत्रण, अवैध गतिविधियों पर अंकुश, यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना तथा आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास को और मजबूत करना जैसी महत्वपूर्ण चुनौतियां रहेंगी। पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनसे बेहतर नेतृत्व एवं प्रभावी पुलिसिंग की उम्मीद जताई है।

डॉ. संतोष डेहरिया की कार्यशैली भी रही चर्चा में

वहीं, जिले से स्थानांतरित हुए एएसपी डॉ. संतोष डेहरिया का कार्यकाल भी कटनी में बेहतर पुलिस-जन संवाद और सामंजस्य के लिए याद किया जाएगा। डॉ. डेहरिया आम जनता से सीधे जुड़ाव और सहज कार्यशैली के लिए जाने जाते रहे हैं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कई मामलों में आम नागरिकों की समस्याएं सुनकर त्वरित कार्रवाई की, जिससे पुलिस और जनता के बीच विश्वास मजबूत हुआ। ऐसे में अब पुलिस महकमे के साथ-साथ जिलेवासियों की नजरें नवागत एएसपी कमल मौर्य की कार्यशैली और प्राथमिकताओं पर भी टिकी रहेंगी।

और पढ़ें