Breaking News

24 घंटे में लूट का खुलासा: पैसों की लालच में तीन दोस्तों ने रची वारदात, एनकेजे पुलिस ने भेजा जेल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कटनी। एनकेजे थाना क्षेत्र में युवक से लूट और मारपीट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पैसों की जरूरत पूरी करने के लिए तीन दोस्तों ने मिलकर युवक को निशाना बनाया, चाकू की नोक पर मोबाइल और मोटरसाइकिल लूट ली, लेकिन पुलिस की सक्रियता के आगे उनकी चाल ज्यादा देर तक नहीं चल सकी। जानकारी के अनुसार 11 जून 2026 को हीरापुर कौड़िया निवासी अभिषेक रजक (23) अपनी मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। नर्मदा वेयरहाउस मोड़ के पास तीन युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने चेहरे पर सफेद गमछा बांध रखा था। चाकू दिखाकर युवक के साथ मारपीट की गई और उसकी जेब से मोबाइल फोन छीनने के बाद मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही एनकेजे थाना पुलिस हरकत में आई। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन और उप पुलिस अधीक्षक रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने गाताखेड़ा निवासी गुलशन चौधरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने दो साथियों करण रैकवार और दीपांशु उर्फ सागर सेन के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल, वीवो मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त दूसरी मोटरसाइकिल तथा वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया है। बरामद मशरूका की कुल कीमत लगभग 1 लाख 12 हजार रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जिला जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पैसों की आवश्यकता के चलते लूट की योजना बनाकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी रूपेन्द्र राजपूत, सउनि विष्णुदत्त शुक्ला, सहपाल परतेती, प्रधान आरक्षक शैलेष दमोहिया, आरिफ हुसैन, आरक्षक अर्पित पटेल, जज कुमार, राजेश काछी तथा साइबर सेल के अमित श्रीपाल, शुभम गौतम और अजय शंकर साकेत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

और पढ़ें