Breaking News

जबलपुर पहुंचने से पहले बुझ गई जिंदगी: मंगलनगर चाकूबाजी के घायल युवक ने रास्ते में तोड़ा दम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था कन्हैया गोंड, हत्या में तब्दील हुआ चाकूबाजी का मामला

कटनी। रंगनाथ थाना क्षेत्र के मंगलनगर में रविवार को हुई चाकूबाजी की घटना ने सोमवार को दर्दनाक मोड़ ले लिया। चाकू के हमले में गंभीर रूप से घायल 25 वर्षीय कन्हैया गोंड ने जबलपुर मेडिकल कॉलेज ले जाते समय स्लीमनाबाद के पास रास्ते में ही दम तोड़ दिया। युवक की मौत के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है, वहीं चाकूबाजी का मामला अब हत्या में तब्दील हो गया है।

जानकारी के अनुसार, घटना के बाद गंभीर रूप से घायल कन्हैया गोंड को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजन उसे एंबुलेंस से जबलपुर ले जा रहे थे, लेकिन स्लीमनाबाद के पास ही उसने अंतिम सांस ले ली।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कन्हैया गोंड का मंगलनगर निवासी एक युवक से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के दौरान उस पर चाकू से हमला किया गया। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और विवाद के वास्तविक कारणों की पुष्टि विवेचना के बाद ही की जाएगी।

युवक की मौत के बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धाराएं बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। घटना के बाद मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई होती और कानून का खौफ कायम रहता तो शायद एक और परिवार को अपना जवान बेटा नहीं खोना पड़ता।

मंगलनगर की यह घटना एक बार फिर जिले में बढ़ते अपराध और कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। अब सबकी निगाहें इस बात पर हैं कि पुलिस इस हत्याकांड का खुलासा कितनी जल्दी करती है और आरोपियों को कब तक सलाखों के पीछे पहुंचाया जाता है।

और पढ़ें