कटनी में “सेफ क्लिक 2.0” अभियान का आगाज, साइबर अपराधियों पर शिकंजा कसने जागरूकता रथ रवाना
कटनी। डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों के बीच नागरिकों को जागरूक और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित प्रदेशव्यापी साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान “सेफ क्लिक 2.0” का शुभारंभ कटनी जिले में किया गया। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने पुलिस कंट्रोल रूम परिसर से साइबर जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह अभियान 24 जून से 08 जुलाई 2026 तक पूरे प्रदेश में चलाया जा रहा है। अभियान के तहत साइबर जागरूकता रथ आगामी 15 दिनों तक जिले के शहरों और गांवों में भ्रमण कर लोगों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, साइबर फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, ओटीपी धोखाधड़ी और सोशल मीडिया अपराधों से बचाव की जानकारी देगा।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आज के समय में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं और अपराधी नई-नई तकनीकों का इस्तेमाल कर लोगों को निशाना बना रहे हैं। ऐसे में जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव है। अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
अभियान के दौरान जिलेभर में साइबर सुरक्षा कार्यशालाएं, जनसंवाद, जागरूकता रैलियां, नुक्कड़ नाटक, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं, लघु फिल्म प्रदर्शन तथा स्कूल-कॉलेजों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही सार्वजनिक स्थलों, पुलिस थानों और चौकियों पर साइबर सुरक्षा संबंधी पोस्टर एवं बैनर लगाकर लोगों को जागरूक किया जाएगा।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया, डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा, डीएसपी अजाक शिवा पाठक सहित जिले के पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
कटनी पुलिस की अपील
कटनी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक, मैसेज या ऑनलाइन लेन-देन पर आंख मूंदकर भरोसा न करें। साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
“सतर्क रहें, सुरक्षित रहें – एक क्लिक आपकी मेहनत की कमाई बचा सकता है।”









